
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के प्रमुख उर्वरक व्यापारियों के अनुदानित उर्वरक किसानों को न बेचकर अन्य जनपदों के उद्यमियों को बेचना, भारी पड़ता जा रहा है, जैसे जैसे इस सिलसिले में जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे ही रोजाना नित नई परतें उखड़ रही है और दोनों खाद व्यापारियों विकास कुमार अग्रवाल व विवेक अग्रवाल के लिए मुसीबत साबित होगा।
उर्वरक सब्सिडी घोटाले में दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी समेत चारों कंपनियों के मामले में गठित टीम के अधिकारियों ने बुधवार को चार घंटे तक महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए, सैकड़ों पेज का रिकॉर्ड की भी गहनता से जांच की। प्रारंभिक जांच में रिकॉर्ड में दूर दराज के जिलों में पांच से सात किसानों को ही हजारों कट्टे यूरिया देने की बात सामने आयी है। वहीं, पुलिस ने भी कृषि अधिकारी से आवश्यक साक्ष्य जांच में शामिल करने को लिए हैं। अफसरों का दावा है कि जल्द ही जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
गौरतलब है कि एक फर्टिलाइजर कंपनी ने जिले में फर्जी तरीके से उनके उर्वरकों की बिक्री करने की शिकायत कृषि विभाग में की थी। इसकी जांच के लिए कृषि अधिकारी ने गढ़ रोड स्थित दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी (प्राइवेट होलसेलर), दुर्गा ट्रेडिंग कंपनी (प्राइवेट रिटेलर), चेतनप्रकाश एंड कंपनी, साईं ट्रेडिंग कंपनी से भी उर्वरकों की बिक्री में अनियमितता का मामला सामने आया था।
यह घोटाला काफी बड़ा हो सकता है, जो अनुदानित यूरिया और डीएपी को गलत तरीके से
विक्री कर किया गया है। इसमें किसानों को मिलने वाले सब्सिडी को गलत तरीके से हड़पा गया है। डीएम द्वारा गठित तीन अधिकारियों की टीम ने बुधवार को जिला कृषि अधिकारी कार्यालय में पहुंचकर अभिलेखों की जांच की। टीम में शामिल उपायुक्त जीएसटी लालचंद, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. हरित ने जांच के लिए महत्वपूर्ण डाटा एकत्र किया। पोर्टल से विक्री, खरीद का ब्योरा भी एकत्र किया गया। इस टीम में एआर कॉपरेटिव प्रेमशंकर भी शामिल हैं।
जिला कृषि अधिभारी गौरव प्रकाश के अनुसार फर्टिलाइजर के सब्सिडी घोटाले मामले में गठित टीम ने कुछ दस्तावेज मांगे थे, जो उन्हें मुहैया कराए गए। पुलिस की टीम भी कार्यालय पहुंची थी। यह मामला किसानों की सब्सिडी से जुड़ा है, इसलिए हर बिंदु की गहन से जांच की जाएगी। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जुगल बैकरी से खरीदें बेकरी बिस्कुट, केक, पेस्ट्री, मिल्क ब्रेड, बर्गर, कुलचे आदि: 9897892601





























