
जुआ खिलाने का विरोध करने पर बाप-बेटे ने व्यक्ति को पीटा
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर बाप-बेटे ने धारदार ब्लेड व ईंटों से हमला कर दिया। इस दौरान व्यक्ति घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते यह हमला हुआ। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बाप-बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
हापुड़ के मोहल्ला अलीनगर निवासी रिजवान ने बताया कि मोहल्ले का असलम कुछ लोगों को रामपुर रोड स्थित एक खंडहर में जुआ खिलाता है जिसकी एवज में वह एक व्यक्ति से तीन सौ रुपए लेता है। ऐसे में मोहल्ले में असामाजिक तत्वों का आना जाना लगा रहता है जिसका उसने विरोध किया था। तभी से आरोपी उससे रंजिश मानता है।

रिजवान के अनुसार 25 नवंबर की सुबह वह किसी काम से रामपुर रोड की ओर जा रहा था। रास्ते में असलम और उसके बेटे कासिम ने गाली गलौज कर उसे रोक लिया और अभद्रता की। विरोध करने पर दोनों ने उसे जमकर पीटा और आरोपियों ने रिजवान के सीने पर धारदार ब्लेड और ईंटों से वार किया। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601























