बिजली कर्मचारियों की अवैध वसूली पर भड़के किसान
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के ग्रामीण इलाकों में किसानों के नलकूपों पर की जा रही विद्युत विभाग की छापामारी, कथित अवैध वसूली तथा उत्पीड़न के विरोध में भारतीय किसान यूनियन टिकैत की अगुवाई में धरना देकर प्रदर्शन किया और ऐलान किया कि यदि किसानों की उत्पीड़न व अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर किसान जेल जाने व रोड जाम करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
बिजली विभाग के कथित उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को सैकड़ो किसान टाउनहाल बिजली घर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। किसान उत्पीड़न व अवैध वसूली रोकने, जर्जर तारों को बदलने, बिजली से नष्ट किसानों की फसल के मुआवजे आदि की मांग कर रहे थे। हापुड़ के जरौठी, बझीलपुर, धनौरा, गोयना, रझैटी, नवादा आदि गांवों से सैकड़ों किसान दरियां, हुक्का, बर्तन आदि लेकर पहुंचे और बिजली वालों को जीभर कर कोसा। किसानों ने घोषणा की कि मांग परी होने तक धरना स्थल पर ही खुले आसमान के नीचे सोएंगे, हुक्का गुड़गुडाएंगें और भोजन बना कर खाएंगे। धरना की अध्यक्षता धर्मवीर त्यागी ने की तथा संचालन अमरेंद्र सिंह ने किया।

























