
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): हापुड़ में लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ कर एक्सपायरी अचार बेचा जा रहा था। मामले का इनपुट मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई कर एक्सपायरी व सड़ा गला अचार बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए ढाई सौ ड्रम एक्सपायरी अचार सील किया है। इसकी सप्लाई विभिन्न इलाकों में की जा रही थी। सील किए गए अचार की कीमत 40 लाख रुपए बताई गई है।
जानकारी के अनुसार हापुड़ के पटना मोड़ के पास स्थित नर्वदा फूड प्रोडक्ट द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में एक्सपायरी अचार बेचा जा रहा था। बताया जा रहा है कि 5 साल पुराना अचार लोगों को बेचा जा रहा था। कंपनी के संचालक ने चंद रुपयों की खातिर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ किया। मामले का इनपुट मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को नर्वदा फूड प्रोडक्ट पर छापा मार कार्रवाई की। इसके बाद हालात देखकर उसके होश उड़ गए। टीम ने 40 लाख रुपए कीमत के एक्सपायरी अचार के ढाई सौ ड्रम सील कर दिए और मामले की जांच शुरू कर दी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा आयुक्त सुनील कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हापुड़ पंकज, खाद्य निरीक्षक आरपी गुप्ता, खाद्य निरीक्षक आरपी गंगवार, खाद्य निरीक्षक साहिस्ता आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
सभी प्रकार के बीमों के लिये संपर्क करें : 9756129288






























