हापुड़, सीमन/अशोक तोमर (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना देहात पुलिस और साईबर सैल की संयुक्त टीम की बुधवार की देर रात पांच बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने लूट के मामले में वांछित चार बदमाशों को पकड़ लिया जबकि एक आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए एक बदमाश को गोली लगी है जिसे देव नंदिनी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस दौरान 10 हजार के इनामी समेत 5100- रूपए नकद, एक कार, 200 ग्राम नशीला पाउडर, चार मोबाइल, अवैध असलहा बरामद किया है।
बता दें कि थाना देहात पुलिस चैकिंग कर रही थी कि काठीखेड़ा पुल के पास उसका सामना कार सवार पांच बदमाशों से हुआ। पुलिस ने चैकिंग के लिए कार को रुकने का इशारा किया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायर बोल दिया। पुलिस ने बदमाशों को घेरा…. और देखते ही देखते एनकाउंटर शुरु हो गया। इस मुठभेड़ में 10 हजार रुपए इनामी एक बदमाश अजहरुद्दीन उर्फ अज्जू गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत चार को गिरफ्तार कर लिया जबकि एक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा। बताया जा रहा है कि यह बदमाश सवारियों के साथ लूटपाट करते थे। घायल बदमाश अजहरुद्दीन ब्रह्मपुरी मेरठ का रहने वाला है। पुलिस ने इस दौरान 10 हजार के इनामी समेत 5100- रूपए नकद, एक कार, 200 ग्राम नशीला पाउडर, चार मोबाइल, अवैध असलहा बरामद किया है।





























