
पीएम योजना में एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए कर्मचारी गिरफ्तार
हापुड़, सीमन/संजय कश्यप (ehapurnews.com): उत्तर प्रदेश सरकार के एंटी करप्शन टीम ने उद्यान विभाग हापुड़ के एक प्राईवेट कर्मचारी आदेश गौतम को शुक्रवार की दोपहर हापुड़ गढ़ रोड से एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। पुलिस आरोपी को पकड़कर थाना देहात ले गई है। सूत्रों ने बताया कि आदेश गौतम ने एक व्यक्ति से प्रधानमंत्री योजना के तहत रोजगार में ऋण दिलाने के बदले एक लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इस सिलसिले में मेरठ की एंटी करप्शन टीम से मिलकर शिकायत की थी। शुक्रवार को एंटी करप्शन की टीम हापुड़ आई और आदेश गौतम को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए गढ़ रोड से धर दबोचा।
सूत्रों के अनुसार बाबूगढ़ के राहुलपाल ने पीएमएफएमई योजना के तहत डेरी खोलने के लिए 27 लाख रुपए के लोन के लिए गत वर्ष 15 अक्टूबर को आवेदन कियाा था। लोन दिलाने के बदले आदेश गौतम ने राहुल से ढाई लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। जिसका सौदा एक लाख रुपए में तय हुआ था। इसकी सूचना राहुलपाल ने एंटी करप्शन टीम को दी। एंटी करप्शन टीम नें रिश्वत खोर को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और शुक्रवार को हापुड़ आकर एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए आदेश गौतम को रंगे हाथ धर दबोचा।
रिश्वत खोर आदेश गौतम हापुड़ के मौहल्ला न्यू सुभाष नगर का रहने वाला है और करीब 10 माह पहले ही जिला उद्यान विभाग हापुड़ में नियुक्ति हुई है।
गाय व भैंस के दूध का शुद्ध घी खरीदने के लिए संपर्क करें: 9068607739





























