हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के मोहल्ला जवाहरगंज में बंदरों ने बिजली का तार तोड़ दिया जिससे एक मकान की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई और बिजली का तार सड़क पर मौत बन कर लटक गया। मामले की जानकारी विद्युत विभाग को दी जिसके बाद कुछ ही मिनटों में विद्युत कर्मचारी ने मौके पर पहुंचकर तार को जोड़ा और लोगों ने राहत की सांस ली।
आपको बता दें कि शहर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों का झुंड एक साथ उत्पात मचाता है। हापुड़ के मोहल्ला जवाहरगंज में लगभग छह बजे बंदरों ने एक बिजली के तार पर लटक कर उसे तोड़ दिया। इस दौरान तार में करंट आ रहा था। राहत की बात यह रही कि जिस दौरान यह तार टूटा उस दौरान आस-पास कोई मौजूद नहीं था वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। मामले की जानकारी एसडीओ यसेंद्र कुमार को दी गई जिन्होंने तुरंत टीम भेजकर टूटे तार को दुरुस्त कराया। विद्युत कर्मचारी प्रवीण कुमार जानकारी मिलने के कुछ ही मिनटों के भीतर मौके पर पहुंचे और पीछे से सप्लाई बंद करा कर तार को ठीक किया। सड़क पर लटक रहे खतरनाक तार को घर के मीटर से कनेक्ट करने के बाद लोगों ने चैन की सांस ली। जिसके बाद आपूर्ति सुचारू हो गई।
लोगों का कहना है कि बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है जिससे घरों के बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। ऐसे में नगरपालिका को जल्द से जल्द कड़े कदम उठाने की जरूरत है।
ट्यूशन के लिए संपर्क करें: 9997188884




























