
जमीनी विवाद के चलते हिस्ट्रीशीटर बेटे ने गोली मारकर की बाप की हत्या
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप, अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव नूरपुर में उस समय सनसनी मच गई जब एक हिस्ट्रीशीटर बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता की गोली मार कर हत्या कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर परिजनों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी मिलने पर हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, सीओ हापुड़, फील्ड यूनिट, बाबूगढ़ थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर पुत्र अजीत ने अपने 82 साल के बुजुर्ग पिता राम मेहर सिंह को गोली मारी। दो गोली राम मेहर सिंह को लगी। यह मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है। घायल राम मेहर ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मामला शुक्रवार की रात का है जब गांव नूरपुर निवासी राम मेहर सिंह अपने हिस्ट्रीशीटर पुत्र अजीत के साथ बैठकर शराब पी रहे थे। तभी दोनों में संपत्ति को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी पुत्र अजीत ने अपना आपा खो दिया और उसने पिता की गोली मार कर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राम मेहर सिंह अपनी पत्नी शकुंतला, पुत्रवधू गीता व पौत्र हिमांशु के साथ गांव नूरपुर में ही रहता था जिसका बड़ा बेटा प्रवीण अपने परिवार के साथ मुरादाबाद में रहता है और दूसरे नंबर का बेटा विनोद नोएडा में नौकरी करता था। उसकी 25 साल पहले हत्या की गई थी। उसकी पत्नी गीता व पौत्र हिमांशु परिवार के साथ गांव में ही रहते हैं जबकि उनका सबसे छोटा बेटा अजीत हिस्ट्रीशीटर बदमाश है और वह अविवाहित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कैटरिंग के लिए संपर्क करें राधे कृष्णा कैटर्स: 9897892601

























