हापुड़, सीमन/सूचना विभाग (ehapurnews.com): जिलाधिकारी अनुज सिंह सभी ग्राम पंचायतों में लोगों को खेल मैदान कि लाइब्रेरी की सुविधा दिलाने के लिए बेहद व प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को इस लक्ष्य को हर हाल में हासिल करने के निर्देश दिए हैं। सभी विभागों को बेहतर तालमेल व प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने को कहा है। जिलाधिकारी ने यह निर्देश वर्चुअल समीक्षा बैठक में दिए। समीक्षा में सीडीओ उदय सिंह, तीनों एसडीएम, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह समेत सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारी जुड़े रहे।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने साफ कहा कि हर ग्राम पंचायत में एक खेल मैदान की सुविधा देनी है। जहां पर जमीन उपलब्ध नही है एसडीएम उपलब्ध कराएं। 15 नवम्बर तक यह सुविधा सभी ग्राम पंचायतों को देने के संकल्प के साथ अभी से इस पर कार्य शुरू कर दें। जिलाधिकारी ने कहा कि मैं देखता हूँ कि सेना और पुलिस में भर्ती होने के लिए युवक सड़कों पर दौड़ते रहते हैं। मै चाहता हूं कि यह सुविधा उनकी ग्राम पंचायत में ही उनको मिले।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान सभी ग्राम पंचायतों में लाइब्रेरी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी बदलाव आएगा। उन्होंने लाइब्रेरी को तीन वर्गों में छोटे बच्चों जो स्कूलों के पढ़ रहे हैं उनकी जरूरत के मुताविक किताबें, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं उनकी जरूरत के मुताविक और जो लोग ग्राम पंचायत में रह रहे हैं उनकी मैगजीन व अखबार की जरूरत को ध्यान में रखकर लाइब्रेरी में सुविधाएं दी जानी चाहिए। लाइब्रेरी की सुविधा को पँचायत भवनों में देने पर जोर जिलाधिकारी ने दिया।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में पार्कों व तालाबों की भी समीक्षा की ग्राम पंचायतों में अच्छे पार्क विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में आबादी के बीच मे जो कूड़ाघर हैं उनको विलोपित कर अच्छे पार्क के रूप में तब्दील करें। जिलाधिकारी ने तीनों एसडीएम से तालाबों की संख्या, उनकी पैमाइश और उन पर कब्जा है तो उसे मुक्त कराने के लिए कहा। पंचायती राज विभाग को तालाबों को साफ कराने, उनके किनारों को पार्क के रूप में विकसित करने और सौंदर्यीकरण कराने पर जोर दिया। मनरेगा से तालाबों पर हुए कार्य की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी की भावनाओं के अनुरूप समर्पण व प्रतिबद्धता के साथ पंचायती राज विभाग के कार्य करने का भरोसा दिलाया।






























