
हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र की डिपो रोड पर स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर पब्लिक स्कूल में वार्षिक परीक्षा के उपलक्ष्य में रिजल्ट कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की भारी भीड़ देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रबंधक राम मोहन वर्मा तथा ताराचंद डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. खिलाफत हुसैन मौजूद रहे।
दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके जरिए बच्चे जीवन में सफलता की ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। छात्रा भावना ने 91.1 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि वैष्णवी ने 90 प्रतिशत अंकों के साथ पूरे विद्यालय में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा, कक्षा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले कुल 36 छात्रों को भी सम्मानित किया गया। बच्चों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आ रहा था।
कार्यक्रम में अभिभावकों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और शिक्षकों के समर्पण व मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। अभिभावकों का कहना था कि शिक्षकों के मार्गदर्शन की वजह से ही उनके बच्चे बेहतर प्रदर्शन कर पा रहे हैं।
इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिका डॉ. स्वाति वर्मा ने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि स्कूल बच्चों में संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करता है, जिससे वे भविष्य में अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन कर सकें।
Deewan Global School, Babugarh || Admission Open: 7055651651

























