हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर गुरुवार की सुबह करीब 8:00 बजे निज़ामपुर बाईपास के पास सिलेंडर से भरी एक महिंद्रा पिकअप गाड़ी टायर फटने से अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के दौरान चालक अली मोहम्मद निवासी लोनी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने 108 एंबुलेंस को कॉल कर घायल को अस्पताल भिजवाया जिसका उपचार चल रहा है।
बता दें कि अली मोहम्मद सिलेंडर भरकर लोनी से बहादुरगढ़ जा रहा था। जैसे ही वह जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर चिचोली कट के पास पहुंचा तो गाड़ी का टायर अचानक फट गया जिससे चालक ने पिकअप से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी डिवाइडर में टकराकर पलट गई। सड़क हादसे के दौरान पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। मामले की जांच जारी है।





























