
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना सिंभावली क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर मिट्टी भराव का कार्य चल रहा है। ऐसे में मुजफ्फरनगर निवासी ठेकेदार को धमकियां मिल रही है। रंगदारी न देने पर अपहरण की धमकी दी जा रही है जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस का रुख किया और मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मुजफ्फरनगर के थाना बुढ़ाना क्षेत्र के गांव भिंडकाली निवासी हर्ष डबास ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वह गंगा एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य में क्षेत्र में मिट्टी का भराव कर रहे हैं जिसका अस्थायी कैंप कार्यालय पीर नगर के पास बनाया है। 12 नवंबर को गांव बिरसिंहपुर निवासी रिंकू उसके पास आया और धमकी देते हुए अशोक प्रधान से बात करने को कहा। आरोपी ने जब बात अशोक से की तो रिंकू ने दबाव में लेने के लिए उसे अशोक के जेल जाने की वीडियो भी दिखाई और वहां से चला गया। ठेकेदार हर्ष ने बताया कि 14 नवंबर की रात एक बार फिर चार युवक उसके कार्यालय पर पहुंचे जिन्होंने सुपरवाइजर से उसके बारे में पूछताछ की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लगातार रंगदारी मांग रहे हैं। मांग पूरी ना होने पर अपहरण की धमकी दी जा रही है।
आसान किश्तों पर लगवाएं सोलर पैनल, कम करें बिजली बिल : 9897985509, 9068802851






























