विज्ञान प्रदर्शनी में बच्चों ने दिया प्रतिभा का परिचय
हापुड, सीमन (ehapurnews.com): हापुड के श्री शांतिस्वरूप कृषि इंटर कॉलेज में शनिवार को भौतिकी मंच के तत्वावधान में एक विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन हुआ जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि व जिला विद्यालय निरीक्षक पी. के. उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य प्रभुदयाल जयंत ने की। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एस. एस. वी. इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय कुमार गर्ग रहे।
प्रदर्शनी से पूर्व अतिथियों ने विद्यालय के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता अजय कुमार मित्तल द्वारा लिखित एक पुस्तक- “साईकिल में भौतिक विज्ञान” का विमोचन किया। पुस्तक के लेखक अजय मित्तल ने बताया कि पुस्तक में किसी सड़क पर चलती हुई एक साईकिल की विभिन्न परिस्थितियों में में गति के नियंत्रण के समय भौतिक विज्ञान के नियम किस प्रकार कार्य करते है।सभी ने अजय मित्तल को बधाई देते हुए उनके इस कार्य की प्रशंसा की। अजय मित्तल ने ५ पुस्तकें पुस्तकालय के लिए भी भेंट की। अतिथियों और अध्यापकों ने भौतिकी प्रवक्ता अजय कुमार मित्तल और युगल किशोर शर्मा के नेतृत्व में कक्षा 11 के 61 बच्चों द्वारा लगाई गई विज्ञान प्रदर्शनी का अवलोकन किया।इस प्रदर्शनी में 61 छात्रों ने आसपास की बेकार पड़ी वस्तुओं से छोटे छोटे खेल-खिलौने और क्रियाकारी उपकरण बनाकर विज्ञान के सिद्धांतों और नियमों की को अपने दैनिक जीवन से जुड़ी तरह तरह की गतिविधियों और क्रियाओं से जोड़ कर उनका प्रदर्शन करते हुए समझाया।
प्रदर्शनी में बच्चों ने हवा का दाब, पानी का दाब, पृष्ठ तनाव, बरनौली का सिद्धांत, वाद्य यंत्रों के बजने का सिद्धांत, गुरुत्वाकर्षण, प्रकाश के व्यवहार, पदार्थों का लचीलापन, गति के नियम, गुरुत्व केंद्र, बल आघूर्ण, छोटी बड़ी माप आदि जैसे अनेक सिद्धांतो को समझाने के लिए स्वचलित फौव्वारा, स्प्रे पेंटिंग, डेंग्यू की रोकथाम, गाड़ियों की धुलाई, गलत तराजू की जाँच, कागज के बर्तन में चाय बनाना, गार्डन फाउंटेन, खेत का पलेवा और जुताई, ईश्वर एक है, पनडुब्बी आदि जैसे 100 से अधिक रोचक प्रयोग और दर्शकों के लिए कुछ चुनौतीपूर्ण करतब करके दिखाए। अतिथियों और विद्यालय के छात्रों ने प्रतिभागी छात्रों से खूब प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासा शांत की। सभी ने भौतिकी मंच के इस प्रयास की बहुत सराहना की।
मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक पी. के. उपाध्याय ने मंच के प्रयास और बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए इसी प्रकार से विषय को व्यावहारिक ढंग से सीखने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में समन्वयक युगल किशोर शर्मा, करन, जयवीर, राहुल और कक्षा 12 के छात्रों शिवम्, मनोज, राहुल, दीपक, सुमित, कारण, ऋतिक, विकास, अमन और मोंटी, सूरज, बोबी, रवि, सचिन, कृश, नितिन, पुनीत, का विशेष सहयोग रहा।



























