हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के गोएना में निमोनिया से पीड़ित एक 7 महीने के बच्चे को स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा जबरन तीन टीके लगाने का मामला सामने आया है जिससे 7 महीने के बालक के होठ नीले पड़ गए। दर्द से कराहने के बाद उसकी मौत हो गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद हापुड़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सुनील कुमार त्यागी ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है।
हापुड़ के गोएना निवासी दीपांशु ने बताया कि उसका सात महीने का बच्चा किट्टू निमोनिया से पीड़ित था जो कि धीरे-धीरे स्वस्थ हो रहा था। मंगलवार को वह किसी कार्य से बाहर गया था और घर पर उसका बेटा सात महीने का किट्टू तथा पत्नी आशा थे। इसी बीच स्वास्थ्य विभाग से कुछ कर्मचारी घर आए और बच्चे को टीका लगवाने की बात कहने लगे। दीपांशु की पत्नी आशा ने कहा कि बच्चा निमोनिया से पीड़ित है लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने तीन टीके बच्चे को लगा दिए। दो टीके जाँघ में तथा एक टीका गर्दन में लगा दिया।
दीपांशु का आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों द्वारा लगाए गए टीके के पश्चात बच्चा दर्द से कराहने लगा जिसे रात करीब 10:30 बजे अचेत होने पर गढ़ रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां बच्चे ने दम तोड़ दिया। किट्टू अपने मां-बाप की इकलौती संतान थी जिसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। गमगीन माहौल में बच्चे का अंतिम संस्कार किया गया। मामले की जानकारी सीएमओ डॉ सुनील कुमार त्यागी तो लगी तो उन्होंने कहा कि मामला बेहद गंभीर है जिसकी जांच कराकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
























