
मतदाता सूची में जांच लें अपना नाम, समय पर करा लें संशोधन
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) अभियान के तहत मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद अब चुनाव आयोग ने मतदाताओं से अपना नाम जांचने की अपील की है। यदि उसमें कोई गड़बड़ी नजर आती है तो उसमें तत्काल आवश्यक संशोधन करा लें। आयोग ने दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि छह फरवरी तक निर्धारित की है। इस दौरान नाम जोड्ने, हटाने, संशोधन और स्थानांतरण से जुड़े आवेदन पत्र आनलाइन व आफलाइन दोनों स्वीकार किए जाएंगे। दावे और आपत्तियों की पूरी सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।
11 जनवरी को प्रदेश के सभी पोलिंग बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची के साथ उपलब्ध होंगे। मतदाता मौके पर ही अपना नाम, पता व अन्य प्रविष्टियों का सत्यापन कर सकते हैं। एक जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के पात्र होंगे। मतदाता ईसीआइनेट मोबाइल एप और वेबसाइट (voters.eci gov.in) पोर्टल के माध्यम से आनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा तहसील स्थित मतदाता पंजीकरण केंद्र (वीआरसी), बीएलओ या संबंधित निर्वाचन कार्यालयों में भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। राजनीतिक दलों की ओर से नाम जोड़ने के लिए पहले दिन केवल 128 आवेदन ही प्राप्त हुए हैं।
CCTV कैमरे व जीपीएस ट्रैकर लगवाने के लिए संपर्क करें: 8126293996


























