
कक्षा 7 की छात्रा के जबरन कपड़े उतारने के प्रयास के मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य पर मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): थाना हाफिजपुर के एक गांव के विद्यालय के प्रधानाचार्य ने स्कूली छात्रा के साथ ऐसी गंदी हरकत की, जिससे शिक्षा को कलंकित कर दिया। अब पुलिस प्रधानाचार्य की खोज में जुटी है।
जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर पुलिस ने 13 साल की नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत करने और जबरदस्ती कपड़े उतारने के प्रयास, परिजनों से अभद्रता, जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल करने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बीएनसी मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा पुत्र हुकुम सिंह शर्मा के खिलाफ पोक्सो एक्ट तथा बीएनएस की धारा 74, 352, 351 (3) में रिपोर्ट लिखी है।
हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसकी 13 साल की बेटी बीएनसी मेमोरियल जूनियर हाई स्कूल में कक्षा 7 में पढ़ती है जो 4 अप्रैल की सुबह करीब 7:30 बजे अपना रिजल्ट लेने के लिए स्कूल गई थी। आरोप है कि स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने रिजल्ट देने के बहाने उसे अपने कार्यालय में बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। बच्ची के जबरदस्ती कपड़े उतारने का प्रयास किया तो पीड़िता ने विरोध किया और वह हाथ जोड़कर विनती करती रही लेकिन आरोपी प्रधानाचार्य नहीं माना। इसके बाद पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर भागी और घर आकर उसने परिजनों को आपबीती बताई। पीड़िता के माता-पिता पुत्री के साथ स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा से इस मामले की शिकायत की तो उसने अभद्र व्यवहार कर गाली-गलौज कर विरोध किया। जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल किया। साथ ही गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
RISING STAR SCHOOL: ADMISSION OPEN: Play Group to Class V: 8218536096


























