
भमेड़ा में गिरे छत की प्लास्टर का मामला: एबीएसए व प्रधानाध्यापक पर गिर सकती है गाज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के बाबागढ़ क्षेत्र के गांव भमेड़ा में स्थित प्राथमिक स्कूल में जर्जर छत का प्लास्टर गिरने के मामले में तीन सदस्यीय जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी हापुड़ को सौंप दी है। जिलाधिकारी कार्यालय से जांच रिपोर्ट को बीएसए को भेजा गया है। बताया जा रहा है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक और संबंधित एबीएसए पर गाज गिर सकती है। शासन द्वारा प्रत्येक विद्यालय को हर वर्ष 75,000 की कंपोजिट धनराशि मिलती है। इस धनराशि से ही विद्यालय की मरम्मत करनी होती है। जानकारी के अनुसार प्रधानाध्यापक द्वारा धनराशि को खर्च करके हाथ से तैयार किए गए कच्चे बिल लगा दिए गए। वहीं अब एबीएसए द्वारा विद्यालय का सर्वे किया गया था और बिल भी उनके द्वारा स्वीकृत किए गए थे। अब इस मामले में भी बीएसए रितु तोमर को कार्रवाई करनी है।
ज्ञात हो कि 26 जुलाई को नोएडा के प्राथमिक स्कूल में कक्षा पांचवी के कक्ष का प्लास्टर गिरने से दो छात्र घायल हो गए थे। आनन-फानन में अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी हापुड़ ने तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया था जिसका प्रभारी एसडीम हापुड़ ईला प्रकाश को बनाया गया। स्कूल के प्रधानाध्यापक सुशील कुमार ने बताया कि विद्यालय में गेट आदि का कार्य कराया गया था। मिस्रियों के पास पक्के बिल नहीं होते हैं जो बिल मिले उन्हें लगा दिया गया। स्कूल के बनने के बाद से आज तक छत की मरम्मत नहीं कराई गई जिसको पेंट आदि करके ठीक जैसे दिखाया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि 20 दिन पहले कक्षा 4 के कक्ष की छत का प्लास्टर भी टूट कर गिर गया था। उस समय लंच था तो बच्चे चोटिल होने से बच गए थे। घटना की जानकारी उन्होंने हेड मास्टर, बीएसए व एबीएसए वाले ग्रुप पर डाली लेकिन अधिकारियों ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि यदि सूचना नहीं दी होती तो उनकी गलती होती। अभिभावक के अधिकारियों की भी जिम्मेदारी तय की जाए। उनका कार्य अधिकारियों को सूचना देना और छात्रों को पढ़ाना है।
माना जा रहा है कि अब प्रधानाध्यापक सुशील कुमार और एबीएसए अर्चना सिंह पर गाज गिर सकती है। एबीएसए अर्चना सिंह ने बताया कि धनराशि खर्च करने का अधिकार हेड मास्टर का होता है। मैंने भवन का परीक्षण किया था लेकिन मैं तकनीक रूप से पारंगत नहीं हूं। मेरी जांच में बाथरूम टूटा मिला था। उसकी मरम्मत के आदेश दिए थे। भवन पर रंग-रोगन ठीक नजर आ रहा था। इससे ज्यादा जानकारी मुझको नहीं है। इससे पहले कक्षा चार के प्लास्टर के गिरने की जानकारी मुझको नहीं है।
मोबाइल का लाइव एक्सपीरियंस कर सैमसंग एक्सक्लूसिव स्टोर से खरीदें: 8755132651
























