हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना बस स्टैंड के पास बाजार में बिरयानी खाते समय दो युवकों की प्लेट में निकली मृत छिपकली के बाद दोनों की हालत बिगड़ गई जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बिरयानी का नमूना भरा। वहीं पुलिस ने बिरयानी विक्रेता को भी हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने मामले में न्याय के लिए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पिलखुवा के गांव बझैड़ा खुर्द निवासी पियूष पुत्र छत्रपाल अपने दोस्त रिंकू के साथ धौलाना के केदार मार्केट के बाहर एक चिकन बिरयानी वाले के पास बिरयानी खाने के लिए गया था। दोनों जब बिरयानी खा रहे थे तो उनकी प्लेट में छिपकली के छोटे-छोटे टुकड़े निकले जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोग इकट्ठा हो गए और बिरयानी की वीडियो बनाने लगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों दोस्तों का बिरयानी विक्रेता से विवाद भी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और विक्रेता को हिरासत में ले लिया। पीयूष ने मामले में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने बिरयानी का नमूना लेकर लैब के लिए भेज दिया है।
दिवाली के लिए होलसेल के दामों पर खरीदें उपहार: 9837477500






























