हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र की नक्का कुंवा रोड पर स्थित धर्मशाला की भूमि को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। ऐसे में गुरुवार को दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि भाजपा नेता कमल त्यागी ने अपने साथियों के साथ मिलकर धर्मशाला पर कब्जा करने का प्रयास किया और जान से मारने की नियत से हवा में फायरिंग की। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस दौरान भाजपा नेता कमल त्यागी समेत आठ को नामजद करते हुए 35 के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोप है कि भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय कार्यसमिति का सदस्य कमल त्यागी अपने साथी विमल त्यागी, प्रदीप कुमार, कुशल त्यागी, विकास फौजी, शेरा कृष्ण वाली मड़ैया निवासी नेमपाल, जोगिंदर व 35 अज्ञात लोगों के साथ हाथों में लाठी-डंडे लेकर धर्मशाला पर कब्जा करने की नियत से पहुंचा जहां दो दुकानों का ताला तोड़कर अवैध रूप से कब्जा कर लिया। इस दौरान कमल त्यागी पर फायरिंग का भी आरोप है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर स्तुति सिंह का कहना है कि धर्मशाला पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में कमल त्यागी समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए 35 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
वहीं भाजपा नेता कमल त्यागी का कहना है कि उनके पास बैनामा है और दूसरे लोग जबरदस्ती धर्मशाला पर कब्जा जमाए हुए हैं। उनके ऊपर लगे आरोप गलत हैं। बता दें कि धर्मशाला का मामला न्यायालय में काफी समय से विचारधीन है।





























