
बिल्डर के कार्यालय में घुसकर धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के धौलाना क्षेत्र के गांव हसनपुर लोढ़ा में बिल्डर के कार्यालय में घुसकर कुछ लोगों ने तमंचे के बल पर जान से मारने की धमकी दी। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बरेली के रहने वाले धर्मेंद्र ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह मैसर्स कुटुंब बिल्डर कंपनी में कार्यरत है। 11 अगस्त की शाम 4:30 बजे पंकज निवासी गांव हसनपुर लोढ़ा दो अज्ञात साथियों के साथ ऑफिस में आया। आरोपियों ने तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी और कंपनी के डायरेक्टर के हस्ताक्षर वाले कुछ लेटर पैड चुरा लिए। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने पंकज और दो अज्ञात साथियों पर रिपोर्ट लिखी है।































