
मनसाद पर ताबड़तोड़ फायरिंग के मामले में सपा नेता की तहरीर पर चार पर मुकदमा
हापुड़, सीमन/ संजय कश्यप (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के नवादा अंडरपास के पास सपा नेता के भतीजे पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने सपा नेता याद इलाही पुत्र कर्म इलाही निवासी बुलंदशहर रोड पुरानी चुंगी हापुड़ की तहरीर के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया जबकि फरार आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
शुक्रवार की शाम सपा नेता का भतीजा हापुड़ के मोहल्ला कोटला मेवतियान निवासी मनसाद पुत्र हाजी अब्बास, जमालुद्दीन के साथ बाइक पर सवार होकर गांव नवादा अपने दोस्त जीतू से मिलने गया था। हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे हाफिजपुर नवादा अंडरपास पर मिलने के लिए बुलाया। वापस लौटते समय करीब 7:45 बजे जैसे ही वह नवादा अंडरपास के पास पहुंचा तो दो बाइकों पर सवार होकर आए चार हमलावरों ने फायरिंग की। इस दौरान दो गोलियां मनसाद को लगी। एक गोली जांघ तो एक गोली पेट में लगी। घायल की हालत स्थिर है जिसे मेरठ के लिए रेफर किया गया। यह पैसों के लेनदेन से जुड़ा मामला बताया जा रहा है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।
जिस दौरान क्षेत्र में फायरिंग हुई उस समय इलाके में दहशत की स्थिति बन गई। सूचना पर हाफिजपुर प्रभारी आशीष पुंडीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। मामले की जानकारी मिलने पर हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, क्षेत्राधिकारी पिलखुवा अनीता चौहान भारी पुलिस फोर्स के साथ अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। घायल को मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तहरीर के आधार पर चार सगे भाइयों राहिल, गुफरान, सोनू और नावेद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। चारों आरोपी दो बाइकों पर सवार होकर पहुंचे जिन्होंने मनसाद पर फायरिंग की। यह मामला व्यापार के लेनदेन के पैसों से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक घर हो अपना…. अब पूरा होगा सपना… संपर्क करें: 9756129288 पर































