
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र में स्थित आरोग्य अस्पताल के पास अधिवक्ता और उनके बहनोई की गाड़ी में टक्कर मार कर तथा अधिवक्ता और उनके बहनोई से अभद्रता के मामले में पुलिस ने आबकारी निरीक्षक हिमांशु कर्दम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एडवोकेट कौशल सिसोदिया पुत्र अशोक कुमार सिसोदिया निवासी मोहल्ला अर्जुन नगर दिल्ली रोड हापुड़ की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है।
मामला 23 अगस्त का है जब दोपहर करीब 2:50 पर एडवोकेट कौशल सिसोदिया अपने बहनोई अर्जुन राघव की गाड़ी में बहनोई के साथ सवार होकर शिवगढ़ी से आनंद विहार की तरफ से होते हुए अपने घर अर्जुन नगर वापस लौट रहे थे। जैसे ही गाड़ी आरोग्य हॉस्पिटल के पास चौराहे को क्रॉस कर रही थी तो पीछे से आई हिमांशु करदम की गाड़ी ने एडवोकेट के बहनोई की गाड़ी में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। पीड़ित एडवोकेट का कहना है कि सड़क हादसे में गाड़ी घूम गई और बुरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद आबकारी निरीक्षक हिमांशु कर्दम गाड़ी रोक कर उतरे और उन्होंने पीड़ित के साथ अभद्रता की। गंदी-गंदी गालियां दी। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आबकारी निरीक्षक ने अधिवक्ता को धमकाया और कहा कि पुलिस मेरा ही साथ देगी। गनीमत रही कि इस दौरान अधिवक्ता और उनके बहनोई हादसे में बाल-बाल बच गए। अधिवक्ता हापुड़ कोतवाली पहुंचे जिसके पश्चात पुलिस अधीक्षक हापुड़ से हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ के पदाधिकारियों तथा सदस्यों के साथ मुलाकात की और मामले में कार्रवाई की मांग की। इसके पश्चात मंगलवार की अपराह्न हापुड़ कोतवाली पुलिस ने आबकारी निरीक्षक हिमांशु कर्दम के खिलाफ बीएनएस की धारा 281, 324 (4), 352 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया है।





























