हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ में दबंगों के हौंसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की दिल्ली रोड का है जहां कुछ अज्ञात कार सवारों ने अन्य कार में सवार एक व्यापारी और उसकी पत्नी की गाड़ी को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने धारा 354, 342 तथा 504 के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बता दें कि मामला आठ सितंबर की रात करीब पौने बारह बजे का है जब हापुड़ के रेवती कुंज निवासी व्यापारी भरत अग्रवाल पुत्र राजीव अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ दिल्ली से हापुड़ आ रहे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात कार सवारों ने भरत का पीछा करना शुरु कर दिया। हापुड़ की दिल्ली रोड पर स्थित प्रकाश रिजेंसी के पास एक सफेद रंग की क्रेटा में सवार दबंगों ने भरत की गाड़ी को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया और अश्लील इशारे किए।
वहीं कार चला रहे भरत ने बड़ी समझदारी के साथ कार को बदमाशों के चुंगल से निकाल लिया और हापुड़ शहर की ओर रवाना हो गए। लेकिन दबंगों ने भरत की कार का पीछा नहीं छोड़ा। जब भरत हापुड़ की रेलवे रोड पर पहुंचे तो भरत ने अपने गार्ड को आवाज लगाई जिसके बाद बदमाश भाग खड़े हुए। भरत ने बताया कि उनकी कार को ओवरटेक कर किडनैप करने की कोशिश की गई। जिस कार में दबंग सवार थे उसमें शीशों पर काली फिल्म चढ़ी थी। फिलहाल हापुड़ कोतवाली पुलिस ने आईपीसी की धारा 354, 342 तथा 504 के तहत एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और जांच में जुट गई है।
वाहन को चोरी होने से बचाएं, जीपीएस ट्रैकर लगवाएं: 8979003261, 8126293996

































