हापुड़, सीमन (ehapurnews.com):जनपद हापुड़ के थाना धौलाना क्षेत्र में शनिवार की शाम लगभग पांच बजे एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को मामले की जानकारी दी है। जवान बेटों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
आपको बता दें कि हरियाणा के थाना मानेसर का निवासी 25 वर्षीय विपिन मोदीनगर के गांव अतरौली में अपने मामा के घर आया था। विपिन की मामी धौलाना क्षेत्र के गांव दौलतपुर ढीकरी में अपने किसी रिश्तेदार के यहां आई थी। शनिवार को विपिन अपनी मामी को लेने के लिए अपने ममेरे भाई 15 वर्षीय बिल्लू के साथ दौलतपुर ढीकरी जा रहा था। जैसे ही वह पिलखुवा धौलाना मार्ग पर स्थित पीडब्ल्यूडी के गेस्ट हाउस के पास पहुंचा तो गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और पलट गई जिसमें दोनों लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से कार को सीधा किया। दोनों घायलों को गाड़ी से निकाल कर अस्पताल भेजा जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Raymond से खरीदें शादी के कपड़ें, 15% तक छूट, 8791513811


























