
दरोगा भर्ती के अभ्यर्थी जूते पहन कर न आएं
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): उपनिरीक्षक एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए आगामी 14 एवं 15 मार्च को आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने जूते के बजाय चप्पल पहनकर आने की सलाह दी है। इससे चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के समय जूते व मोजे उतारने में असुविधा नहीं होगी और परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने में अनावश्यक समय भी नहीं लगेगा।
बोर्ड द्वारा लिखित परीक्षा के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, राजकीय डिग्री कॉलेज, राज्य व केंद्र के विद्यालय और विश्वविद्यालय, पॉलिटेक्निक, राजकीय इंजीनियरिंग, कॉलेज आदि ही परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। महिला अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु उनके गृह जनपद का परीक्षा केंद्र ही आवंटित किया गया है। प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन कराने के लिए परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी से मॉनिटरिंग हेतु त्रिस्तरीय कंट्रोल एवं कमांड सेंटर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग एवं फ्रिस्किंग के लिए अलग इन्क्लोजर की व्यवस्था रहेगी। केंद्र के प्रवेश बिंदु पर अभ्यर्थी की आइरिस और फोटोग्राफ लिया जाएगा तथा आवेदन पत्र की फोटो से फेशियल रिकग्निशन से उपस्थित अभ्यर्थी का मिलान किया जाएगा।
ऋषभ चाप कॉर्नर पर रोटी-सब्जी, चाऊमीन, चाप, रोल सब कुछ उपलब्ध: 7248495020


























