हापुड़, सीमन/अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को रात को सवारियों से भरी एक डग्गामार बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस दौरान ऑटो भी बस की चपेट में आ गया। बस में 60 सवारियां तथा ऑटो में दो यात्री थे जिनमे से कुछ चोटिल हो गए। सूचना पर पुलिस तथा तीन एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और क्रेन की मदद से वाहनों को हाईवे से हटवाया जिसके बाद यातायात सुचारु हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 60 सवारियों से भरी एक डग्गामार बस शनिवार की रात को पानीपत से पीलीभीत जा रही थी। जैसे ही बस बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के कुचेसर चौपाल के शाहपुर जट के सामने पहुंची तो चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया और बस डिवाइडर से टकराते हुए हाईवे पर पलट गई। इस दौरान एक ऑटो भी बस की चपेट में आ गया जिसमें दो सवारियां सवार थी। हाईवे पर छीख पुकार मच गई। शोर सुनकर पुलिस तथा तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
































