
डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की दर्दनाक मौत
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव पोपाई के सामने एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई जिससे बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची जिसने शव कब्जे में लेकर परिजनों को मामले से अवगत कराया जिससे परिवार में मातम छा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी के रहने वाले साजिद का 18 साल का बेटा सुफियान शनिवार को ईद के अवसर पर मेरठ के किठौर स्थित अपनी रिश्तेदारी में गया था। शाम के समय वह किठौर से वापस आ रहा था। जैसे वह गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव पोपाई के सामने पहुंचा तो अचानक बाइक असंतुलित होकर डिवाइडर से टकरा गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद घायल को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलने से परिवार में हाहाकार मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
RISING STAR SCHOOL: ADMISSION OPEN: Play Group to Class V: 8218536096
























