हापुड़, सीमन/अशोक तोमर, अमित कुमार (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर निवासी पोते ने अपने दादा की फावड़े से वार कर हत्या कर दी। अपने दादा को मौत के घाट उतारने वाला पोता फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साथ ही पोते की भी तलाश जारी है।
गोहरा आलमगीरपुर निवासी जतन गुर्जर पुत्र रुमाल सिंह ने अपने पोते मोहित गुर्जर पुत्र समरपाल गुर्जर को किसी बात को लेकर शनिवार को डांट दिया। दोनों में जमकर कहासुनी हुई। हालांकि परिजनों के समझाने के पश्चात मामला शांत हुआ। शनिवार की देर रात करीब दो बजे जतन गुर्जर घर में सो रहा था कि तभी मोहित आया और अपने दादा पर फावड़े से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। रविवार की तड़के जब परिजनों की आंख खुली तो खून से लथपथ जतन को देख उनके होश उड़ गए जिन्होंने पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक के दूसरे पोते अंकित की तहरीर के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
Brainwaves International School में Admission के लिए काल करेंः 8279806606





























