
जीएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
हापुड़, सीमन/रियाज़ अहमद (ehapurnews.com):हापुड़। जीएस कॉलेज ऑफ नर्सिंग में छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य विषय “नर्सों की अस्पताल एवं सामाजिक जिम्मेदारियां” रखा गया। इस अवसर पर बी.एससी. नर्सिंग एवं जीएनएम पाठ्यक्रम की सभी छात्राओं ने बड़े उत्साह और पूरे मनोयोग से भाग लिया। साथ ही कॉलेज के समस्त शिक्षकगण भी अपनी पूरी संख्या के साथ उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का महत्व और भी बढ़ गया।
कार्यक्रम में डिप्टी नर्सिंग सुपरिंटेंडेंट दीपु एस. ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि नर्सिंग के क्षेत्र में संचार कौशल, पेशेवर दक्षता, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों और कानूनी जिम्मेदारियों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि एक प्रशिक्षित नर्स न केवल अस्पताल के मरीजों की देखभाल करती है बल्कि समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में भी अग्रणी भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर उप निदेशक मनोज शिशोदिया ने छात्राओं को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराते हुए कहा कि आज के समय में नर्सिंग पेशे से जुड़े लोगों को जल प्रबंधन, जल संरक्षण, पौधारोपण अभियान में सहयोग, और समाज में जागरूकता फैलाने जैसे कार्यों में सक्रिय योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि नर्सें समाज का अभिन्न अंग हैं और उनकी छोटी-छोटी पहल भी बड़े परिवर्तन ला सकती है।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्राचार्य क्रिस्टिना जॉर्ज, उप-प्राचार्या हिमांशी कलिता, ज्ञानेश्वर शिखा भावना एवं सदाब की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने छात्राओं को न केवल अपने पेशे में दक्षता प्राप्त करने बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के लिए भी प्रेरित किया।
शिशोदिया ने बताया ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें अपने पेशेवर जीवन में और अधिक संवेदनशील एवं जागरूक बनाते हैं। इस पहल के माध्यम से नर्सिंग छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि वे स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की शक्ति भी रखती हैं।
99 स्टोर मिनी मॉल से खरीदें लखानी चप्पल व कंपनियों के जूते: 8191820867



























