
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र की दिल्ली रोड पर तिरुपति गार्डन के पास ऑटो में बैठी सवारी का बैग लेकर ऑटो चालक फरार हो गया। पीड़ित ने फोन निकाला तो बाइक सवार बदमाशों ने उसका फोन भी मारपीट कर उससे लूट लिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
हापुड़ के मोहल्ला कानून गोयान निवासी विशाल गर्ग ने बताया कि वह 22 मार्च की रात करीब 10:00 बजे गाजियाबाद के के बिहार नगर स्थित दुर्गा प्रिंटिंग प्रेस से कम कर कर लौट रहा था। वह डासना तक थ्री व्हीलर से पहुंचा और वहां से हापुड़ के लिए दूसरे थ्री व्हीलर में सवार हो गया। रात करीब 11:40 बजे थ्री व्हीलर तिरुपति गार्डन के पास पहुंचा तो चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया और आगे जाने से इंकार कर दिया। जैसे ही विशाल नीचे उतरा और किराया देने लगा तो चालक उनका बैग लेकर फरार हो गया। बैग में ₹30,000 नकद रखे हुए थे। इसी बीच विशाल ने अपना फोन निकाल कर फोन करने का प्रयास किया तो बाद में आए तीन बदमाशों ने मिलकर विशाल गर्ग के साथ जमकर मारपीट की और मोबाइल फोन लूट लिया और फरार हो गए। विशाल ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




























