
व्यापारी से मारपीट का मामला: एसपी से मिले व्यापारियों ने दी चेतावनी, कार्रवाई न होने पर करेंगे बाजार बंद
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ के पक्का बाग निवासी चावल व्यापारी मनोज कुमार गर्ग पुत्र राजेंद्र गर्ग के साथ हुई मारपीट के मामले में गुस्साए व्यापारी एकत्र होकर सोमवार को हापुड़ एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह को सौंप कर मामले में कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 72 घंटे के भीतर न्याय नहीं मिला तो सभी व्यापारी बाजार बंद कर देंगे। व्यापारियों ने इस दौरान लेपर्ड पुलिसकर्मियों पर भी आरोपियों के साथ मिली भगत का आरोप लगाया। इसके बाद कप्तान ने लापरवाह पुलिसकर्मियों के सस्पेंशन का भी आश्वासन दिया है। मामले की जांच जारी है।
यह है मामला:
चावल व्यापारी मनोज कुमार गर्ग ने हापुड़ कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि रविवार की रात करीब 9:30 बजे के आसपास वह पक्का बाग से अपने मित्र योगेश से मिलने फ्री गंज रोड कचहरी के पास जा रहे थे। रास्ते में मौजूद दबंगों ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें एक गली में खींच लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच पीड़ित का पुत्र शुभम गर्ग और उसका साथी अमन चौधरी भी मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की। मारपीट के दौरान अमन चौधरी के सिर और शरीर पर काफी ज्यादा चोट है जिससे वह बेहोश होकर गिर गया।
पांच पर हुआ मुकदमा दर्ज:
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए मनोज कुमार की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने राहुल शर्मा, अमन मोमोज, नितिन शर्मा उर्फ एनडी शर्मा, अंशुल और सागर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आरोप:
गुस्साए व्यापारी सोमवार को एसपी से मिले तो उन्होंने पुलिस पर हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया। ऐसे में धाराओं में बढ़ोतरी की जाए। इसी के साथ पीड़ित अमन चौधरी ने लेपर्ड पर तैनात पुलिसकर्मियों पर आरोपियों का साथ देने का आरोप लगाया।
न्याय न मिलने पर होगा बाजार बंद:
व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई। व्यापारियों को न्याय नहीं मिला तो वह बाजार बंद कर आंदोलन करेंगे। इस दौरान व्यापारी मनोज गर्ग, अमित चौधरी, ललित अग्रवाल छावनी वाले, संजय नेता, अनुज गर्ग, अमन गुप्ता, सुमित आदि उपस्थित रहे।
एलर्जी, चर्म रोग, गुप्त रोग की पीड़ित महिलाएं अब रविवार को भी डॉ. रुचिका गुप्ता से ले सकेंगी परामर्श: 8979824365





























