हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र में बीएसए कार्यालय परिसर में स्थित वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में तैनात लेखाकार पर गंभीर आरोप लगे हैं। लेखाकार राहुल पर आरोप है कि उसने डीआईओएस कार्यालय में तैनात जिला समन्वयक पद पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी से उसका पांच महीने का रुका हुआ वेतन देने के एवज में 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। इतना ही नहीं रिश्वत के बदले महिला से उसके साथ एक रात गुजारने को कहा। जब महिला और उसके पति ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता व उसके पति पर रोड से जानेलेवा हमला करने का प्रयास किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर लेखाकार और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डीआईओएस कार्यालय में तैनात जिला समन्वयक पद पर कार्यरत महिला कर्मचारी का आरोप है कि उसका पांच महीने का वेतन रुका हुआ है। भुगतान करने के लिए वह कई बार चक्कर काट चुकी है। उसने बताया कि बीएसए परिसर में स्थित वित्त एवं लेखाधिकारी कार्यालय में तैनात लेखाकार राहुल से लिखित एवं मौखिक शिकायत भी कर चुकी है लेकिन इसके बावजूद भी भुगतान नहीं हो सका है। जानकारी के अनुसार लेखाकार राहुल ने पीड़िता से 40 की रिश्वत मांगी। रिश्वत न देने पर उसने वेतन भुगतान की फाइल पर आपत्ति लगाने की बात कही। 10 जनवरी को पीड़िता पति के साथ बीएसए कार्यालय में शिकायत करने पहुंची। इस दौरान लेखाकार ने बीएसए कार्यालय से जाने की बात कही और आरोपी ने पुनः रिश्वत देने का दबाव बनाया। रिश्वत न देने पर उसके साथ एक रात गुजारने की बात कही। जब पीड़िता ने इसकी जानकारी अपने पति को दी तो उसका पति मौके पर पहुंचा जिसने इसका विरोध किया। इसके बाद लेखाकार ने पति-पत्नी के साथ हाथापाई शुरू कर दी और पीड़िता का हाथ पकड़ कर कपड़े फाड़ने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ और कर्मचारी वहां पहुंचे और दंपति को बचाया। आरोपी ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया जिन्होंने पति और पीड़िता को मौत के घाट उतारने की धमकी दी। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताते चलें कि लेखाकार ने महिला कर्मचारी और उसके पति पर कार्यालय में घुसकर मारपीट और हत्या की धमकी देने के मामले में दो दिन पहले हाफिजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
Dhanwantari Distributors का Immurich Capsule अब घर पर बैठे मंगवाएं: 9837700010


























