हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के मोहल्ला सराफा बाजार, चाहे कमाल, पापड़ वाली गली आदि क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति उस समय प्रभावित हो गई जब एक जर्जर अवस्था में खड़ा बिजली का खंभा अचानक एक ओर झुक गया. राहत की बात यह रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई. जब बिजली का खंभा मकान की दीवार से टकराया तो लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई. इससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति काफी देर के लिए प्रभावित हो गई. सूचना पाकर जेई शिव अवतार शर्मा मौके पर पहुंचे और लाइन को दुरुस्त कराने का कार्य शुरू कर दिया.
मामला शनिवार की दोपहर लगभग 1:30 बजे का है जब मेरठ गेट पुलिस चौकी के पास से विद्युत पोल जर्जर होने की वजह से अचानक एक और झुक गया. बताया जा रहा है कि इस दौरान स्पार्किंग भी हुई और क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति प्रभावित हो गई. ज्ञात हो कि इसी तरह की तस्वीर हापुड़ के अतरपुरा चौपला के पास नजर आई थी जहां नगरपालिका के सामने बिजली का एक पोल एक ओर झुक गया था. शहर में और भी बिजली के कई ऐसे खंभे हैं जो जर्जर अवस्था में है. यदि बिजली विभाग ने जल्द ही बिजली के खंभों को दुरुस्त नहीं किया तो एक बड़ा हादसा हो सकता है.























