हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): धौलाना विधानसभा के पूर्व विधायक असलम चौधरी के खिलाफ गाजियाबाद के मसूरी थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मसूरी थाना पुलिस ने पूर्व विधायक असलम चौधरी, उनके बेटे शाहनवाज तथा उमरी पुत्र आस मोहम्मद वह 20-25 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। मसूरी पुलिस ने आईपीसी की धारा 147, 384, 506, 447 तथा 511 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के गांव मसूरी निवासी अदील यामीन उर्फ राजा दीवान पुत्र स्वर्गीय डॉक्टर यामीन चौधरी ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि असलम चौधरी, शाहनवाज उसकी जमीन हड़पने की फिराक में है जो लगातार हत्या कर देने और जेल भिजवाने की धमकी दे रहे हैं। दर्ज एफआईआर के अनुसार मामला 6 जुलाई वर्ष 2022 की रात करीब 2:00 बजे का है जब शाहनवाज अपने 20-25 साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर पीड़ित की पुश्तैनी जमीन में जबरदस्ती घुस आया और अवैध कब्जा करने लगा। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिजनों के साथ मौके पर पहुंचा जिसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची तभी आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी उसे धमकी देते हुए भाग गए और दो करोड़ रुपए की रंगदारी मांग रहे हैं। मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। इसके बाद पीड़ित ने 28 अगस्त 2023 को थाने में तहरीर देकर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने असलम चौधरी, शाहनवाज, उमरी व 20-25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
कम से कम ब्याज पर लोन लेने के लिए संपर्क करें: 9756129288































