हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : भवन बचाओ संघर्ष समिति हापुड़ ने हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण की अधिग्रहण नीति से खफा होकर आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की है। समिति की अगुवाई में सैकड़ों व्यापारियों ने शनिवार को एचपीडीए से चंद कदमों की दूरी पर धरना देकर विरोध व्यक्त किया और प्राधिकरण पर उत्पीड़न व शोषण का आरोप लगाया। धरने में शामिल व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि जनप्रतिनिधि प्राधिकरण की मुठमर्दी से पीड़ितों को राहत दिलाने हेतु कोई कदम नहीं उठा रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष ललित अग्रवाल छावनी वालों ने बताया कि प्राधिकरण के गठन से पूर्व में बने हुए सैकड़ों व्यापारियों के प्रतिष्ठानों व भवनों को उजाड़ने के उद्देश्य से आठ सौ रूपए प्रति वर्ग मीटर में अधिगृहीत कर अपनी ही भूमि व भवनों को 19 हजार रुपए प्रति वर्ग मीटर में खरीदने के विरोध में समिति ने विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लिया है।
प्राधिकरण अपनी हठधर्मिता पर अड़ा है और व्यापारियों की परेशानी को सुनने को तैयार नहीं है। समिति प्राधिकरण के विरुद्ध आंदोलन को गति देने में जुटा है और विधान चुनाव के बहिष्कार की घोषणा में पोस्टर, होर्डिंग क्षेत्र में जगह-जगह लगाए जा रहे हैं।
Property Mela: खरीदें प्लॉट व फ्लैट, कॉल करें 9540030099






























