हापुड, सीमन (ehapurnews,): सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने भाजपा के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने की घोषणा पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके दीर्घ आयु की कामना की है।उन्होने कहा कि श्री लालकृष्ण आडवाणी भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेता हैं। जनसंघ के समय से ही तथा विशेष कर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के पश्चात भारतीय जनता पार्टी के विकास में श्रद्धेय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ उनका अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। एक समय जब संसद में भाजपा के केवल दो सदस्य रह गए थे, तब पार्टी का नेतृत्व करते हुए कार्यकर्ताओं का मनोबल उन्होंने ऊंचा रखा तथा पार्टी का पुनः निर्माण किया। आज राम मंदिर का स्वप्न पूरा हो चुका है परंतु उसके निर्माण में श्रद्धेय आडवाणी जी की रथ यात्रा का योगदान इतिहास में सदैव के लिए दर्ज हो चुका है।
अटल जी के अभिन्न सहयोगी के रूप में संगठन तथा सरकार में उन्होंने आचरण के उच्च प्रतिमान स्थापित किये जो प्रत्येक राजनीतिक कार्यकर्ता के लिए अनुकरणीय है। आडवाणी जी राजनीति में शुचिता के जीवंत उदाहरण है।
देश के वरिष्ठतम नेता और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय श्री लालकृष्ण आडवाणी जी को भारत रत्न की घोषणा अत्यंत सुखद और आनंददाई है।
आडवाणी जी को ‘भारत रत्न’ घोषित करने के लिए मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद देता हूं तथा आडवाणी जी के स्वस्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना करता हूं।





























