
गढ़ क्षेत्र में खाद की दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, 8 नमूने लिए
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): हापुड़ जिले के थाना गढ़ क्षेत्र में कृषि विभाग की टीम ने खाद की दुकानों पर छापेमारी की। इस दौरान उर्वरकों की गुणवत्ता और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की गई।
जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम ने अलग-अलग दुकानों से उर्वरकों के 8 नमूने लिए। अधिकारियों के मुताबिक, कुछ नई कंपनियों के उर्वरकों की गुणवत्ता को परखने के लिए इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।
जांच के दौरान विभागीय टीम को कुछ दुकानों पर अनियमितताएं भी मिलीं। इसके चलते 7 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। कृषि विभाग ने दुकानदारों को नियमानुसार उर्वरकों की बिक्री करने और सभी जरूरी दस्तावेज दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला कृषि अधिकारी गौरव प्रकाश ने बताया कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी के तहत खाद की दुकानों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
कृषि विभाग की इस कार्रवाई के बाद खाद विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। शासन के निर्देश पर उर्वरक बिक्री केंद्र की जांच की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी नमूने की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाई जाती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
#Property में निवेश करने व किसी भी प्रकार का #Insurance कराने के लिए संपर्क करें: 7351777979






















