हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव कस्तला कसमाबाद की रहने वाली एक महिला के साथ उसके पति ने अपनी प्रेमिका की खातिर हत्या का प्रयास किया। गला दबाकर हत्या की कोशिश की, असफल रहने पर दूसरी बार केरोसिन डालकर जिंदा जलाने का भी प्रयास किया। पीड़िता किसी तरह अपने मायके पहुंची जिसकी तहरीर पर पिलखुवा पुलिस ने पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी पिंकी देवी की शादी 15 साल पहले मेरठ के थाना बहसूमा के गांव मोहम्मदपुर सिखेड़ा निवासी युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद महिला ने एक पुत्र व दो पुत्री को जन्म दिया। पति एक महिला के साथ अवैध संबंध है और अपनी प्रेमिका की खातिर उसने विवाहिता की हत्या का दो बार प्रयास किया। साथ ही जमकर मारपीट की और दहेज की मांग की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति ऋषि कुमार, देवर प्रदीप, सोनिया, रतन कली, देवरानी पूजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।






























