हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर की जड़ में संचालित अवैध सब्जी मंडी में बंद गोभी के किसानों को खुलेआम लूटा जा रहा है जिस कारण किसान को बंद गोभी की लागत का मूल्य भी नहीं मिल रहा है। इस अवैध मंडी में किसान की लुटाई के साथ-साथ रोजाना लाखों रुपए की मंडी शुल्क की चोरी हो रही है। बताते है मंडी समिति के कई कर्मचारी रोजाना अवैध मंडी में आते है और नजराना लेकर चले जाते है।
उत्तर प्रदेश में किसानों को उसके उत्पाद का वाजिब मूल्य दिलाने के लिए जगह-जगह नवीन मंडी स्थलों की स्थापना की गई है और हापुड़ में गढ़ रोड पर नवीन मंडी स्थल है, जहां किसान अपना कृषि उत्पाद बेचने के लिए आते है, परंतु कुछ धंधेबाजों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ एक नई सब्जी मंडी की स्थापना की है, जहां एक योजनाबद्ध तरीके से किसान की बंद गोभी को ओने-पोने दामों में खऱीदा जा रहा है, जो कभी हंगामा में बदल सकता है।
जनपद हापुड़ के थाना हाफिजपुर की जड़ में सड़क के दोनों ओर लम्बे-चौड़े प्लाटों में सब्जी मंडी स्थापित की गई है, जहां जनपद हापुड़ के गांवों से किसान बंद गोभी बेचने के लिए ट्रैक्टर ट्रालियों से पहुंचते है। एक अनुमान के मुताबिक इस सब्जी मंडी में बंद गोभी के करीब 5 हजार कट्टे प्रतिदिन आते है। एक कट्टे में 50 किलों बंद गोभी होती है। एक माह पहले जिस बंद गोभी का भाव 1200 रुपए प्रति कट्टा था, अब टूट कर 250-300 रुपए रह गया। बंद गोभी की मांग उत्तर प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, छत्तीसगढ़, आदि स्थानों से है। खरीददार बंद गोभी को ट्रकों, छोटे हाथी में भरकर खपत की मंडियों में भेजते है। कायदे-कानून के तहत सब्जी का कारोबार करने वाले व्यापारियों ने अवैध मंडी के संचालन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है ताकि किसानों को उनके कृषि उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके।


























