शरारती तत्वों ने पहुंचाया किसानों को नुकसान, काटे हरे पेड़
हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव बनखंडा में कुछ शरारती तत्वों ने तीन किसानों के खेतों में जमकर उत्पात मचाया। गुरुवार की सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो मामले की जानकारी हासिल हुई और स्थिति को देखकर वह दंग रह गए। किसानों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
गांव बनखंडा निवासी किसान गगन ने बताया कि बीती रात किसी समय कुछ शरारती तत्व बनखंडा के जंगलों में स्थित खेतों में आ धमके और रंजिश के तहत उन्होंने किसान योगेश शर्मा पुत्र बनारसीदास, किसान तेजिंदर राणा पुत्र राजेंद्र सिंह व किसान राम किशोर त्यागी पुत्र चंदन त्यागी के खेतों में नुकसान पहुंचाया।
इस दौरान योगेश शर्मा के खेतों में कुएं की छत का टीन शेड उखाड़ दिया, विद्युत मीटर को भी नुकसान पहुंचाया और एक बैटरा शरारती तत्व अपने साथ ले गए। तेजिंदर के खेतों में लगे करीब 35 हरे भरे पेड़ों को भी आरोपियों ने काट दिया। वहीं राम किशोर के खेतों में रखे करीब दो बुग्गी भूसे और चार बुग्गी पराली को आग के हवाले कर दिया। नुकसान देखकर किसानों में गुस्सा है जिन्होंने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि षड्यंत्र के तहत किसानों को नुकसान पहुंचा गया है।
























