हापुड़, सीमन (ehapurnews.com): जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी किशोरी को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने के प्रयास का मामला सामने आया है। दुष्कर्म में असफल होने पर आरोपियों ने किशोरी को छत से फेंक दिया। किशोरी इस दौरान बेहोश हो गई और उसके पैर की हड्डी टूट गई। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। किशोरी ने होश में आने पर आपबीती बताई जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि मामला पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला का है जहां 15 वर्षीय एक किशोरी को मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया। घर में उसका दोस्त मौजूद था। इसी बीच दोनों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास किया। किशोरी ने जब शोर मचाया तो आरोपी आग बबूला हो उठे और उन्होंने किशोरी को छत से फेंक दिया। इस दौरान गिरकर पीड़िता बेहोश हो गई जिसके पैर और सिर में चोटें आई हैं। इस दौरान पैर की हड्डी भी टूट गई। मोहल्लेवासियों ने पुलिस को सूचना देकर मामले से अवगत कराया जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस ने एससी एसटी एक्ट व आईपीसी की धारा 307, 376, 511 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
किफायती दामों पर खरीदें टाइल्स: 9837824010





























