हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार की देर रात हुए एक भीषण हादसे के दौरान एक गाड़ी गन्ने से लदी ट्रॉली में जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि गाड़ी पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई जबकि कार में सवार महिला समेत दो लोग घायल हो गए जिन्हें पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंगलवार की रात को गढ़मुक्तेश्वर के खादर क्षेत्र के गांव रामपुर नयादतपुर निवासी 26 वर्षीय युवक और एक महिला कार में सवार होकर कहीं जा रहे थे। जैसे ही गाड़ी कुचेसर चोपला फ्लाईओवर पर पहुंची तो चालक ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और कार सीधे गन्ने से लगे ट्रॉली में घुस गई। हादसा इतना भयानक था कि चालक और महिला घायल हो गए जबकि गाड़ी पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गई। मामले की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी शिवम चौधरी मौके पर पहुंचे और राहगीरों की सहायता से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को साइड कराया जिससे यातायात सुचारू हुआ।


























