हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ पिलखुवा विकास प्राधिकरण द्वारा खरीदे गए भवन में सीलन की शिकायत आ रही है। भवन स्वामी ने कई बार सुपरवाइजर और जेई को मामले से अवगत कराया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई ना होने से भवन स्वामी परेशान है। भवन स्वामी का कहना है कि आए दिन जेई महेश उप्रेती आश्वासन देते हैं लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई जिससे भवन की दीवार धीरे-धीरे खराब होती जा रही है।
दरअसल पिछले वर्ष एचपीडीए द्वारा आयोजित प्रॉपर्टी मेले में एक फ्लैट भवन स्वामी ने बुक कराया। यह फ्लैट हापुड़ के आनंद विहार में स्थित अलकनंदा अपार्टमेंट में है जिसका नंबर एफ-10 (ग्राऊंड फ्लोर) है। पूर्ण भुगतान होने के पश्चात प्राधिकरण ने इसी साल रजिस्ट्री करा कर भवन स्वामी को पजेशन दे दिया। भवन स्वामी ने बताया कि मकान में रहने के करीब 20 दिन बाद ही दीवार में सीलन आने लगी। अंडरग्राउंड पाइप लीक होने की वजह से यह सीलन दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। भवन स्वामी ने मामले में जेई महेश उप्रेती को अवगत कराया। मौके पर कर्मचारी ने निरीक्षण भी किया लेकिन कोई ठोस कार्रवाई ना होने की वजह से यह सीलन दिन पर दिन बढ़ती जा रही है। भवन स्वामी का कहना है कि अधिकारी सुनने को तैयार नहीं है। वह सिर्फ आश्वासन ही दे रहे हैं। भवन स्वामी ने प्राधिकरण से मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
जांच की उठी मांग:
भवन स्वामी का कहना है कि अपार्टमेंट में भवनों व परिसर आदि की दीवारों आदि की गुणवत्ता को यदि चेक किया जाए तो सच्चाई सामने आ जाएगी कि किस कदर लापरवाही बरतते हुए इन भवनों का निर्माण हुआ है।
निवेश करने या जानकारी करने के लिए कॉल करें: 7351730003, 9457625625


























