हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा कोतवाली पुलिस ने मायके पक्ष की तहरीर पर मृतक महिला के पति समेत छह के खिलाफ दहेज हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि दहेज न मिलने के चलते ससुराल पक्ष के लोगों ने ट्रेन के आगे धक्का देकर महिला को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने पति, सास, चाचा, ननद समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कुचेसर चोपला निवासी सोनू उर्फ सुभाष ने बताया कि उसकी बहन पल्लवी उर्फ प्रिया की शादी 5 वर्ष पहले मोहल्ला रामपुरा में हुई थी। ससुराल पक्ष के लोग लगातार दहेज की मांग कर रहे थे और लगातार उत्पीड़न कर रहे थे। इसी बीच महिला ने एक बच्चे को जन्म दिया लेकिन उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई सोनू ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग महिला के पति की दूसरी शादी करने के लिए पल्लवी पर दबाव बना रहे थे। इसी बीच पल्लवी अपने मायके आ गई जहां से ससुराल पक्ष के लोग उसे अपने साथ ले गए और 20 सितंबर की शाम को महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मायके पक्ष का कहना है कि ससुरालियों ने चलती ट्रेन के आगे धक्का देकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
VIDEO: घर बैठे धुलवाएं और ड्राईक्लीन कराएं कार : 7060333554

































