हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ नगर पालिका परिषद के जेई प्रमोद कुमार की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। वन विभाग हापुड़ ने बिना अनुमति के हरे पेड़ काटने के मामले में नगर पालिका के जेई प्रमोद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ की गढ़ रोड पर तहसील चौराहे के पास निर्माणाधीन गौरव अटल पार्क में हरे भरे पेड़ों को नगर पालिका परिषद द्वारा कटवा दिया गया। आरोप है कि नगर पालिका परिषद हापुड़ ने इसके लिए वन विभाग से किसी तरह की अनुमति नहीं ली। मामले की जानकारी जब वन विभाग तक पहुंची तो उसने मामले की जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि नगर पालिका परिषद ने बिना अनुमति के ही हरे पेड़ों को काट दिया है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने जांच करते हुए कटे हुए पेड़ों को अपने कब्जे में ले लिया और नगर पालिका परिषद हापुड़ के जेई प्रमोद कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।





























