हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ वर्ष 2022-23 कार्यकारिणी के चुनाव में अध्यक्ष पद पर ऐनुल हक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सूरज कुमार, सचिव पद पर नरेंद्र शर्मा ने जीत हासिल की है। कार्यकारिणी के चुनाव की मतगणना संपन्न होने के बाद कचहरी परिसर में विजय प्रत्याशियों ने ढोल नगाड़ों पर जमकर डांस किया। जीत के जश्न में विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने भी डांस किया। रविवार की सुबह एक बार फिर विजयी प्रत्याशियों ने जश्न मनाया जिनका माला पहनाकर स्वागत कर उनका मुंह मीठा कराया गया। इस अवसर पर ऐनुल हक व नरेंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी प्राथमिकताएं क्या है।
हापुड़ बार एसोसिएशन हापुड़ वर्ष 2022-23 कार्यकारिणी के चुनाव 13 पदों पर शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुए जहां 948 में से 845 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। शनिवार की सुबह आठ बजे बार रूम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना शुरू हुई जहां रात को 17 राउंड के बाद परिणाम घोषित हुए। अध्यक्ष पद पर एनुअल हक, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सूरज कुमार, सचिव पद पर नरेंद्र शर्मा, सह सचिव प्रकाश के पद पर विनोद कुमार, सह सचिव प्रशासन पद पर प्रवीण कुमार सिंह, सह सचिव पुस्तकालय पद पर अमरेश कुमार, कोषाध्यक्ष पद पर अमित कुमार चीमा ने जीत हासिल की। वहीं कनिष्ठ सदस्य पद पर अभिषेक आजाद, पूजा सिंह, हर्षित जिंदल, डोनिश कुमार जौहरी, भरत कुमार व सोनू कुमार ने जीत हासिल की है।
























