हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जिला हापुड़ में 108 और 102 एंबुलेंस पर कार्यरत स्टाफ को प्रशिक्षित करने के लिए गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। एंबुलेंस के जिला प्रभारी वंशदीप चौधरी ने बताया कि एंबुलेंस कर्मियों को प्रशिक्षण देने के लिए लखनऊ हेड ऑफिस से ट्रेनर बुलाए गए हैं जिनके द्वारा उचित प्रशिक्षण देकर एंबुलेंस सेवाओं की गुणवत्ता, मेडिकल उपकरण का सही तरीके से प्रयोग एवं रखरखाव पर जोर दिया गया है जिससे कि जिले में बेहतर एंबुलेंस सेवाओं का लाभ लाभार्थियों को दिया जा सके। ट्रेनिंग के अलावा क्वालिटी की टीम भी लखनऊ से जिले में आई जिन्होंने जिले की 108 एवं 102 दोनों प्रोजेक्ट की एंबुलेंस का जायजा लिया जिसमें एंबुलेंस में उपस्थित मेडिकल उपकरण के सही प्रयोग एवं साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया। वर्तमान में जनपद में 108 की नौ एंबुलेंस एवं 102 की 16 एंबुलेंस मरीजों को निशुल्क सेवाएं प्रदान कर रही हैं। ट्रेनिंग कार्यक्रम के दौरान एंबुलेंस के जिला प्रभारी वंशदीप चौधरी के अलावा 108/102 एम्बुलेंस के रीजनल मैनेजर नेहाल रजा, प्रोग्राम मैनेजर अमित चौहान, ट्रेनर नवनीत सिंह, एवं क्वालिटी लीडर सुधीर सिंह इत्यादि मौजूद रहे।



























