हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना बाबूगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव अटूटा रेलवे फाटक से चंद कदमों की दूरी पर एक शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा। मृतक की पहचान विनीत पुत्र विजेंद्र निवासी गांव अटूटा के रूप में हुई है।
आपको बता दें कि शनिवार की सुबह जब गांव अटूटा के ग्रामीण रेलवे ट्रैक के पास पहुंचे तो वहां शव देखकर वह दंग रह गए। ट्रैक किनारे शव मिलने की सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि शव के सर और हाथों पर चोट के निशान हैं। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की गहनता से जांच में जुट गई है। मृतक विनीत के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बताते चलें कि 28 वर्षीय अमन उर्फ विनीत गांव में खुद की आटा चक्की चलाता था। विनीत की एक छह वर्षीय बेटी और पांच वर्षीय पुत्र है। परिवार में अब विनीत की मां, दादी और दो बच्चे हैं। विनीत के पिता का भी देहांत हो चुका है। विनीत के बाकी रिश्तेदार अन्य जगह पर रहते हैं। अमन की मौत की सूचना पाकर परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का कहना है कि उनका एकमात्र सहारा विनीत था जिसकी मौत हो चुकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है
























