हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : हापुड़ के मौहल्ला भगवानपुरी व इंद्रलोक कालोनी का आए दिन ट्रांसफार्मर फूंकने से नाराज लोग गुरुवार को घरों से बाहर सड़कों पर निकल आए। नागरिक इलाके में बिजली खपत की क्षमता के अनुसार ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे थे। इस दौरान नाराज लोगों ने जेई आनंद मौर्या का घेराव भी किया।
गत सप्ताह में दूसरी बार बुधवार की रात को विद्युत ट्रांसफार्मर फूंकने से लोग बिजली, पुनी के लिए तरस उठे और उन्होंने बिजली विभाग के कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिंह लगा दिए। नागरिकों ने बताया कि खपत से कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने से वह फूंक जाता है और समस्या ज्यूं की त्यूं बनी रहती है।
बिजली विभाग के कर्मचारी गुरुवार की दोपहर एक ट्रांसफार्मर लेकर पहुंचे ताकि विद्युत आपूर्ति को बहाल किया जा सके, परंतु इलाके के लोग विरोध प्रदर्शन पर उतर आए। नागरिक बिजली खपत के अनुसार ट्रांसफार्मर लगाने की मांग पर अड़े थे। इस दौरान लोगों को बिजली विभाग के अधिकारी ने किसी तरह शांत कराया।
























