हापुड़, सीमन (ehapurnews.com) : जनपद हापुड़ के थाना कपूरपुर पुलिस ने गांव बझैड़ा कला के एक बदमाश यामीन उर्फ मुल्ला के आलीशान भवन, जिसकी कीमत 50 लाख रुपए पर आंकी गई है, को पुलिस ने जिला प्रशासन के आदेश पर कुर्क कर लिया है औऱ एसडीएम धौलाना को रिसीवर नियुक्त कर दिया है। यामीन के बंगले के बाहर एक संकेत लगा दिया है, जिस पर लिखा कि इस भवन में कोई क्रय न करें। यामीन गैंगस्टर एक्ट के तहत डासना जेल में बंद है।
जिलाधिकारी के आदेश पर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ गांव बझैड़ा कला पहुंचे और यामीन के मकान पर नोटिस चस्पा करके मकान पर सील लगा दी। इसके अतिरिक्त मकान के बाहर सूचना लिखा एक बोर्ड लगा दिया। पुलिस ने गांव में मनादी करा के सूचना दी कि यामीन के मकान को गैंगस्टर की धारा 14 (1) के तहत जिलाधिकारी के आदेश पर कुर्क कर लिया गया है।
























